नगर के खैरटिया में ओम चौराहे से प्राइमरी स्कूल खैरटिया के आगे नदी तक खस्ताहाल रोड की मरम्मत की मांग को लेकर लोगों ने रविवार को प्रदर्शन किया।
नेतृत्व ग्राम सेवा समिति के अध्यक्ष शिवदत्त दुबे ने किया। मौके पर श्री दुबे ने बताया कि लगभग 20000 आबादी के खैरटिया गांव का यह मुख्य मार्ग है, सारी आबादी इसी रोड से गुजराती है। ओम चौराहे से नदी तक रोड बिल्कुल ध्वस्त हो चुकी है।
रोड के निर्माण के लिए इसकी सूचना कई बार शासन को दिया गया लेकिन अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन ही दिया जाता है। जमीन पर कोई भी कार्य नहीं होता, यहां की जनता इस तरह के रोड पर चलकर दुर्घटनाग्रस्त होती रहती है।
सड़क इतनी बुरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है कि स्कूल जाने वाले बच्चों भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। बाइक तथा साइकिल से चलने वाले राहगीर आए दिन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं।
कहा कि यहीं से मात्र दो किलोमीटर दूर ओबरा सी और कुछ दूरी पर अल्ट्राटेक और एसीसी जैसी कंपनियां होने के बावजूद यहां की सड़कों व नालियों की दुर्दशा देखते बनती है।
सीएसआर और डीएमएफ फंड होने के बावजूद यहां विकास नदारद है। यहां के लोग इन फैक्ट्री के निकलने वाले धुएं से प्रदूषण को झेलते हैं और फ्लोराइड युक्त पानी पीने के लिए विवश है।
इतनी फैक्ट्री के होने के बावजूद यहां की रोड खस्ताहाल हैं इनके द्वारा किसी प्रकार का सुविधा मुहैया नहीं किया जाता केवल कागजों पर खानापूर्ति की जाती है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अति शीघ्र ओम चौराहे से लेकर रेणु नदी तक के रोड की मरम्मत निर्माण नहीं किया गया तो सारे खैरटिया वासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में विकास पासवान, संतोष प्रजापति, फूलचंद शामिल रहे।