तहसील मुख्यालय दुद्धी में प्रस्तावित नए कोर्ट की स्थापना को लेकर समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड की अगुवाई में दुद्धी बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला। चार सदस्यीय दल ने नए कोर्ट के स्थापना की मांग की। वहीं दुद्धी विधायक ने पूर्व की तरह उप कोषागार के स्थापना की भी जरूरत बताई।
बार अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आदिवासी बहुल दुद्धी तहसील मुख्यालय पर गरीबों को सुलभ एवं त्वरित न्याय दिलाने के लिए अपर जनपद न्यायाधीश, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिविल जज सीनियर डिविजन एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट स्तर के कोर्ट गठन का कार्य काफी दिनों से प्रस्तावित है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से दुद्धी में शीघ्र प्रस्तावित कोर्ट की स्थापना कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में एल्डर कमेटी सदस्य विपिन बिहारी और भाजपा नेता कमलेश जायसवाल भी शामिल रहे। इसके पहले दुद्धी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विधायक रामदुलार गोंड ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से उनके आवास पर मुलाकात की। दुद्धी स्थित उपकोषागार को फिर से चालू करने की मांग की।