सोनभद्र। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के नजदीक आते ही तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के बाजारों में सेंवई, टोपी, इत्र, कपड़े और सौंदर्य प्रसाधनों की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दुकानों पर सजावट के साथ भीड़ भी बढ़ने लगी है। सेंवई के साथ ब्रांडेड कंपनियों के ड्राई फ्रूट्स की भी अच्छी मांग है
शहर के बाजारों में सेंवई की कई वैराइटी उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 120 से 300 रुपये प्रति किलो तक है। मोटी दूधफेनी और भूजी सेंवई की कीमत 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। दुकानदार शराफत अली ने बताया कि इस बार सेंवई के साथ ब्रांडेड कंपनियों के ड्राई फ्रूट्स के गिफ्ट पैकेट्स की भी अच्छी मांग है। बकरीद की नमाज के लिए टोपी खरीदने वालों की संख्या भी बढ़ी है। बाजार में 50 से 150 रुपये तक की टोपियां उपलब्ध हैं। सेंट और इत्र की भी बिक्री हो रही है। वहीं, कुर्ता-पैजामा, सलवार सूट, चप्पल-जूते और लेडिज कॉस्मेटिक्स की दुकानों पर भी भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार बकरीद पर बाजार में अच्छी रौनक है और उन्हें उम्मीद है कि अच्छा कारोबार होगा।