भारतीय किसान यूनियन अंबावता गुट के बैनर तले किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। ज्ञापन के जरिए किसानों ने सभी ग्राम पंचायतों में चकबंदी कराए जाने समेत 18 मांगें पूरी करने की मांग की। किसानों का कहना है कि जनपद सोनभद्र और मिर्जापुर के जिस ग्राम पंचायत के चकबंदी नहीं हुई है। चकबंदी कराया जाए।
वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन को पांच हजार रुपये प्रति माह किए जाने और प्रधानमंत्री आवास सूची से वंचित रह गए पात्र व्यक्तियों का नाम सूची में जोड़े जाने पर जोर दिया गया। सभी ने करमा ब्लॉक के सिरविट से झकाहीं जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण किए जाने की मांग की। इसके साथ ही एलकेजी से 12वीं तक की शिक्षा सभी विद़्यालयों में निशुल्क दिए जाने की मांग की।
किसानों का कर्ज एवं बिजली बिल माफ किए जाने तथा रोडवेज बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान किए जाने की मांग की गई। किसानों ने धंधरौल बांध से समय-समय पर सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़े जाने तथा नहरों में टेल तक पानी पहुंचाए जाने की मांग की। इसके साथ ही बर्दिया व जोगेंद्रा बांध पर सिंचाई विभाग का कर्मचारी तैनात किए जाने की मांग उठाई।
अन्य मांगे भी जनहित में पूरा किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष संत श्याम सुंदरदास,प्रदेश प्रभारी पूर्वांचल जोखन सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष परमेश्वर प्रजापति, महिला जिलाध्यक्ष रामा देवी, जिला प्रभारी दशरथ मौर्य, पप्पू बियार, मोती बियार, पूनम देवी, गौरीशंकर आदि उपस्थित रहे।