घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सर्पदंश से बीते चौबीस घंटों में एक युवक की मौत हो गई जबकि सांप व अन्य विषैले जीवों के काटने से तीन लोग अचेत हो गए। युवक को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, वहीं अचेत लोगों का ख़िरीहिटा गांव में जड़ी बूटियों से उपचार करने वाले एक वैद्य के यहां भर्ती कराया गया।
शुक्रवार सुबह इमलीपोखर निवासी आरविंद पटेल (38) पुत्र हीरालाल पटेल को घोरावल सीएचसी में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक उसे बृहस्पतिवार को घर में सोते समय सांप ने डस लिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घटनाओं में नौगढ़वा निवासी हरिशंकर (35) पुत्र राजपति को शुक्रवार सुबह रास्ते चलते सांप ने डस लिया, जिससे वह अचेत हो गया। इसी तरह कंचा निवासी रिम्पल (16) संतोष को घर में शुक्रवार को किसी विषैले जीव ने काट लिया। वहीं गड़मा निवासी सुनीता (20) पत्नी अनिल को शुक्रवार सुबह खेत पर जाते समय खेत के मेड़ पर किसी विषैले जीव ने काट लिया। सभी का वैद्य के उपचार कराया गया।