सोनभद्र। सदर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को लोढ़ी के ग्राम प्रधान शमशेर बहादुर सिंह के भतीजे अभिषेक सिंह पर जानलेवा हमला करने के आरोप में चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई प्रधान की तहरीर पर हुई है। कई स्थानों पर हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से छापा मारा गया लेकिन एक भी आरोपी पकड़े नहीं गए।
लोढ़ी गांव निवासी एवं ग्राम प्रधान शमशेर बहादुर सिंह का कहना है कि बुधवार की शाम करीब सात बजे उनका भतीजा अभिषेक सिंह छपका में एटीएम से रुपये निकालने के लिए गया था। प्रधान का आरोप है कि उसी वक्त चार युवकों ने अभिषेक से रुपये छिनने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर विपक्षीगणों ने लोहे की राड से भतीजे को पीटने लगे। अधिक चोट लगने से वह अचेत हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। जिला अस्पताल में घायल का उपचार कराया गया। पुलिस ने बताया कि प्रधान शमशेर बहादुर सिंह की तहरीर पर छपका गांव निवासी मनीष, प्रशांत, डब्बू और एक अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।