Sonbhadra News: ओबरा के बिल्ली खनन क्षेत्र में बंद पड़ी खदान में शव मिला। 15 दिनों में ये तीसरी घटना है। सूचना पर पहुंची पुलिस शव कब्जे में लेकर छानबीन में जुटी है।
सोनभद्र जिले में बिल्ली खनन क्षेत्र के शारदा मंदिर के पीछे स्थित बंद पड़ी एक खदान में बुधवार को एक युवक का शव मिला। वह मंगलवार से लापता था। खदान में भरे पानी में नहाने गए कुछ बच्चों ने शव देखकर लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवा कर छानबीन शुरू कर दी। पिछले 15 दिनों में बंद खदान में मौत की यह यह तीसरी घटना है।
विज्ञापन
ये है पूरा मामला
पानी से भरे खदान में नहाने उतरे बच्चों की नजर शव पर पड़ी तो भागकर आए और घर वालों को जानकारी दी। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ओबरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। छानबीन के दौरान शव पर मौजूद कपड़े से मिले मोबाइल का सिम निकाल पुलिस ने दूसरे मोबाइल में लगाया और उसमें मिले नंबर पर काल किया, तब जाकर मृतक की शिनाख्त हो पाई।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त गजराज नगर स्थित कांशीराम आवास निवासी बिंदू सोनी के रूप में हुई। परिजनों के मुताबिक बिंदू मंगलवार की सुबह लगभग आठ बजे घर से कहीं जाने के लिए निकला था। वह किन कारणों से वहां पहुंचा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
बता दें कि बीते एक पखवारे में बंद पड़ी खदान में मौत का यह तीसरा मामला है। फिर भी संबंधित विभागों की ओर से इन असुरक्षित बंद खदानों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।