रायपुर थाना के वैनी में मंगलवार को चनोखर पुलिया के नीचे एक युवक का शव मिला। युवक पिकअप चलाता था और पिछले तीन दिनों से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर मंगलवार की सुबह वैनी में चनोखर पुलिया के पास लोगों ने पानी में एक शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। युवक के पास से कोई पहचान दस्तावेज न मिलने पर सोशल मीडिया में उसकी तस्वीरें साझा की गईं।
घंटों बाद युवक की पहचान रायपुर थाना क्षेत्र के खलियारी निवासी राकेश पांडेय (34) पुत्र रंगलाल पांडेय के रूप में हुई। वह पिकअप चलाता था। तीन दिन पहले दुबेपुर पेट्रोप पंप के पास पिकअप खड़ा कर कहीं चला गया था। इसके बाद से उसका पता नहीं था।
घर वाले उसकी खोजबीन कर रहे थे। कपड़े एवं पैर पर तिल के निशा देखकर उसकी शिनाख्त हुई। रायपुर थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।