घोरावल कोतवाली क्षेत्र के सोतिल गांव में दो दिन पहले बरात देखने के लिए घर से निकली बच्ची का शव बुधवार को कुएं में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
आशंका है कि कुएं में गिरने से उसकी मौत हो गई। सोतिल गांव में सोमवार की रात एक बरात आई थी। गांव निवासी धीरेंद्र विश्वकर्मा की पुत्री प्रियंका (5) बरात देखने के लिए घर से निकली थी।
रात में वहां से खाना खाकर लौट रही थी, मगर घर नहीं पहुंची तो परिजन चिंतित हो गए। मंगलवार पूरे दिन उसकी तलाश होती रही।कहीं सफलता नहीं मिली। बुधवार की सुबह कुएं में प्रियंका का शव उतराया दिखा।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। धीरेंद्र विश्वकर्मा की तीन संतानों में प्रियंका एक थी।