शव मिलने के बाद थाने के बाहर जमा भीड़
- फोटो : Amar Ujala
शक्तिनगर थाना क्षेत्र के सीएचपी साइलो खड़िया के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पाया गया। मृतक की पहचान वीरेंद्र भारती (27) पुत्र नानक भारती, निवासी चिल्काडाँड़ बस्ती शक्तिनगर, के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर संजीवनी चिकित्सालय एनटीपीसी मर्चरी में रखवा दिया है।
बताया जा रहा है कि वीरेंद्र भारती मंगलवार की रात अपने दोस्त राजन के साथ था। राजन के अनुसार दोनों बस स्टैंड स्थित शराब दुकान पर गए थे। वहीं पास की चिखना दुकान पर सिगरेट और गुटखा को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि चिखना दुकानदार ने वीरेंद्र की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया।
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शक्तिनगर एसओ कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। मृतक के दोस्त और अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।