कोन। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुड़वा के टोला पाण्डुचट्टान मेें स्थित कानाखाडी बंधी में गुरुवार की शाम श्रवण कुमार (19) पुत्र लाला चेरो निवासी तुमिया कुड़वा का शव मिला। उसके सिर पर कान के पास चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। मृतक के पिता ने प्रेम प्रपंच से जुड़ा मामला बताते हुए कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उसने थाने में तहरीर दी है। हालांकि सीओ भाष्कर वर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत बंधी में डूबने से प्रतीत हो रही है। मृतक के परिवार की ओर से कोई तहरीर मिलने से उन्होंने इनकार किया है।
उधर इस मामले की जानकारी होते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी ओबरा भाष्कर वर्मा व अपराध निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा मय फोर्स मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गए हैं। इस बाबत सीओ भाष्कर वर्मा ने बताया कि पाण्डुचट्टान के कानाखाडी बंधी मे युवक श्रवण का शव मिला है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मौत होना प्रतीत होता है। जांच पडताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगी।