फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Weather: सोनभद्र में 14 दिन में दूसरी बार दिन का पारा सबसे नीचे, सूर्य के दर्शन को तरसे लोग; कंपकंपाया बदन

Sun, 04 Jan 2026 06:12 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, सोनभद्र।

सार

Sonbhadra News: सोनभद्र में धूप के अभाव में तापमान में गिरावट महसूस की गई, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर आम दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम रही।
विज्ञापन
सोनभद्र में कोहरे के बीच लाइट जलाकर जाता वाहन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

UP Weather News: दो दिन तक दिन में अच्छी धूप खिलने के बाद शनिवार को मौसम ऐसा पलटा कि लोग सूरज के दर्शन को भी तरस गए। इस सीजन में यह दूसरी बार था, जब दिन का तापमान 16 डिग्री से ऊपर नहीं बढ़ा। पूरे दिन में धूप भी नहीं निकली। पिछले 48 घंटे में सात डिग्री तापमान में गिरावट आने से लोग ठंड से ठिठुरते रहे। गलन और शीतलहर ने बेहाल किया।

विज्ञापन


अवकाश होने की वजह से बाजार में चहल-पहल कम रहीं। शाम ढलने के साथ ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह ने बताया कि शनिवार को न्यूनतम पारा 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम पारा 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। 

ठंड से बचने को आग तापते लोग। - फोटो : अमर उजाला
इसके मुकाबले शुक्रवार को न्यूनतम पारा 8.5 और अधिकतम पारा 21.8 तथा बृहस्पतिवार को न्यूनतम पारा 8.4 और अधिकतम पारा 23.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था। इस तरह से बीते 48 घंटे में न्यूनतम पारा में 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। जबकि अधिकतम पारा में करीब सात डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज हुई है। उन्होंने बताया कि 14 दिन में दूसरी बार दिन का पारा 16 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का है। 

दिन में ही लाइट जलाकर चलते वाहन। - फोटो : संवाद
इससे पहले 21 दिसंबर को दिन का पारा 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ था, तब न्यूनतम पारा आठ डिग्री सेल्सियस था। एक और दो जनवरी को दिन का तापमान बढ़ा होने की वजह से मौसम अच्छा था। इस वजह से पिकनिक स्पॉटों पर पर्यटकों की भीड़ अधिक देखी गई थी। दो दिन बाद फिर से तापमान गिरने से लोग ठिठुरती हालत में देखे गए। दिन में भी लोग अलाव तापते नजर आए।

रात में भी घना कोहरा। - फोटो : संवाद
घने बादलों ने बढ़ाई ठंड, घरों में दुबके लोग
नगर में शनिवार को सुबह से लेकर शाम तक आसमान में घने बादल छाए रहे, जिससे मौसम लगातार ठंडा बना रहा। दिनभर धूप न निकलने के कारण ठंड का असर काफी बढ़ गया। पूरे दिन सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए। ठंड से बचने के लिए लोग घरों में ही दुबके रहे और बेहद जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलते नजर आए। बाजारों में भी सन्नाटा पसरा रहा और चाय-नाश्ते की दुकानों पर ही कुछ लोग ठंड से राहत पाने के लिए जुटे दिखाई दिए।

कोहरे के बीच बड़े वाहनों को हुई ज्यादा दिक्कत। - फोटो : संवाद
घने कोहरे के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
डीएम बीएन सिंह के निर्देशन पर एडीएम वित्त वागीश कुमार शुक्ला की तरफ से घने कोहरे के मद्देनजर एडवाइजरी जारी की गई है। बताया कि घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की स्थिति में दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। बताया कि कोहरे के दौरान तेज गति में वाहन पर नियंत्रण मुश्किल हो जाता है। इसलिए धीमी गति में वाहन को चलायें। 

कोहरे में फॉग लाइट का प्रयोग अवश्य करें। आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी रखें। अनावश्यक ओवरटेकिंग न करें, इससे दुर्घटना की संभावना हो सकती है। इंडिकेटर और हॉर्न का सही उपयोग करें। मोड़, चौराहे और ओवरटेक से पहले संकेत दें। दृश्यता बहुत कम हो तो सुरक्षित स्थान पर वाहन रोकें।

आग तापकर गर्माहट महसूस करते लोग। - फोटो : अमर उजाला
सर्दियों में क्या करें और क्या न करें
  • कई लेयर वाले कपड़े, टोपी, मफलर और मोजे जरूर पहनें।
  • गरम भोजन और पेय लें, सूप, गर्म पानी, हर्बल चाय शरीर को गर्म रखते हैं।
  • धूप में बैठें, सुबह की हल्की धूप विटामिन-डी देती है और इम्यूनिटी बढ़ाती है।
  • बुजुर्गों व बच्चों का ध्यान रखें, उनकी सुरक्षा और गर्म कपड़ों की जांच करें।

घने कोहरे के बीच लाइट जलाकर रेंगते वाहन। - फोटो : संवाद
ठंड में क्या न करें
  • हल्के कपड़े न पहनें, हल्के कपड़े पहनने से सर, कान और पैर में ठंड लग सकती हैं
  • ठंडा पानी या ठंडी चीजें न खाएं, इससे सर्दी-जुकाम बढ़ सकता है।
  • हीटर/ अंगीठी बंद कमरे में न चलाएं, कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से दम घुटने से खतरा।
  • पानी कम न पीएं, ठंड में भी हाइड्रेशन उतना ही जरूरी है।
विज्ञापन

दिन में ही लाइट जलाकर चलते रहे वाहन। - फोटो : संवाद
सर्दियों में इम्यूनिटी मजबूत रखें
  • संतुलित व पौष्टिक आहार लें, मौसमी फल-सब्ज़ियाँ, आंवला, अदरक, लहसुन, हल्दी और प्रोटीन युक्त भोजन को शामिल करें।
  • नियमित व्यायाम व धूप लें, हल्का व्यायाम, योग और रोज़ाना धूप लेने से विटामिन-डी मिलता है, जो इम्यूनिटी के लिए आवश्यक है।
  • पर्याप्त नींद और तनाव नियंत्रण, 7-8 घंटे की गहरी नींद लें और तनाव से बचें; अच्छी नींद रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाती है।
  • स्वच्छता और पर्याप्त तरल पदार्थः हाथ धोते रहें, गर्म पानी पिएँ और हर्बल काढ़ा /सूप लें ताकि शरीर हाइड्रेट और संक्रमण से सुरक्षित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें