सोनभद्र। राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के परही गांव में बेटे ने बुजुर्ग पिता की पिटाई कर दी। पोते-बहू ने भी उनके साथ मारपीट की। बुधवार को पोते-बहू की तरफ से मारपीट का वीडियो सामने आया तो पुलिस ने बेटे-बहू को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी भी दर्ज कर ली गई है। पोते के नाबालिग होने के चलते उसकी गिरफ्तारी नहीं की जा सकी। पूछताछ के बाद दंपती का चालान कर दिया गया।
बताते हैं कि पारिवारिक विवाद को लेकर परही गांव निवासी रामधनी पाठक की उनके ही बेटे सोनू पाठक ने पिटाई कर दी। इसको लेकर उनकी बहू से कहासुनी हुई तो पोते ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बहू की ओर से भी मारपीट की गई। गांव के ही कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर बुधवार को वायरल कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ने बताया कि जैसे ही प्रकरण संज्ञान में आया। पीड़ित से संपर्क कर घटना की जानकारी ली गई। उनकी तरफ से दी गई तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद मारपीट के आरोपी उनके बेटे सोनू पाठक और बहू साधना पाठक को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया गया।