रॉबर्ट्सगंज दिल्ली पब्लिक स्कूल में अमर उजाला की ओर से तनाव मुक्त परीक्षा की जानकारी देते प्रशि
सोनभद्र। दिल्ली पब्लिक सेकेंड्री स्कूल बिजौली-रॉबर्ट्सगंज में बुधवार को अमर उजाला की ओर से तनाव मुक्त परीक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं को परीक्षा की अच्छी तैयारी के लिए उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया गया। बताया गया कि जब आत्मविश्वास कमजोर होता है तो तनाव आता है। पूरी नींद और व्यवस्थित जीवन शैली पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
शिक्षा विभाग से नियुक्त ट्रेनर व राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज के प्रवक्ता अनिल कुमार पासवान ने स्ट्रेस में शामिल अक्षरों के अर्थ के जरिए तनाव होने और उससे उबरने की पूरी प्रक्रिया समझाई। पॉजिटिव सोच के लिए प्रेरित किया। बताया कि तनावग्रस्त होने पर भूलने की समस्या होती है और कुछ याद नहीं रहता। इसे दूर करने के लिए अच्छी नींद लें और अपनी जीवन शैली को व्यवस्थित करें।
कहा कि जब स्वस्थ शरीर रहेगा तभी मस्तिष्क का अच्छा विकास होगा। विद्यार्थियों को हमेशा पाॅजिटिव सोचना चाहिए। तनाव मुक्त होने से लिए समय के सही प्रबंधन की सलाह दी। कहा कि परीक्षा के समय एक प्रश्न को हल करने में कितना समय लगना चाहिए, यह पहले से तय करके चलना चाहिए। परीक्षा के दौरान एक विषय का चयन कर तैयारी करें, ऐसा कदापि न करें कि ये विषय भी पढ़ लें और दूसरी विषय की भी तैयारी करने लगे।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को परीक्षा में पहले पहुंचना चाहिए, समय का प्रबंधन करना बहुत जरूरी है। खासकर परीक्षा के समय अपना समय बर्बाद न करें और समय का सही उपयोग करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रतिस्पर्धा न करके स्पर्धा के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्रा नैंसी, संध्या मोदनवाल और शौर्य सिंह ने तनाव दूर करने से संबंधित प्रश्न पूछे, जिसका अनिल कुमार पासवान ने बखूबी जवाब दिया। छात्र-छात्राओं को पुस्तकों की तरफ रुझान के लिए प्रेरित भी किया।