रॉबर्ट्सगंज में हल्की बारिश में छाया अधेरा में हेडलाइट जलाकर गुजरता वाहन। संवाद
सोनभद्र। जिले के मौसम में उतार चढ़ाव के बीच सोमवार को कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। शाम चार बजे के बाद सावन जैसी काली घटाएं आसमान में छाई रहीं। दिन में ही अंधेरा छा गया। बारिश से जहां मौसम सुहाना हो गया, वहीं तापमान में भी गिरावट आने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली। अनपरा समेत दक्षिणांचल में हुई बारिश की वजह से जगह-जगह जलजमाव की समस्या भी रही। इससे लोगों को काफी परेशानी भी झेलनी पड़ी।
शनिवार की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज किया गया था। सोमवार को दिन चढ़ने के साथ ही तापमान में वृद्धि हुई थी। हालांकि दोपहर बाद आसमान में बादल छाने लगे। शाम चार बजे के बाद आसमान में छाए काले बादल की वजह से दिन में शाम जैसा नजारा हो गया। इसी बीच बारिश शुरू हुई, जो रुक-रुक कर देर शाम तक होती रहीं। जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज केे साथ ही चोपन, डाला, रेणुकूट और अनपरा क्षेत्र में भी तेज बारिश हुई। बारिश की वजह से सड़क में बने गड्ढों और गलियों में पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। केकराही, करमा ब्लॉक के खैराही, भदोही, केकराही, पापी, भगवती, कसयां, भरूहा, असना समेत अन्य गांवों में सोमवार को बारिश हुई। बारिश से लोगों को गर्मी से निजात मिली। वहीं शादी विवाह के सीजन में लगाए गए टेंट उड़कर तितिर-वितिर हो जा रहे हैं। भोजन व्यवस्था पर भी काफी असर पड़ा रहा। मौसम विशेषज्ञों की तरफ से अभी दो दिन मौसम खराब रहने और तेज हवा के साथ बारिश होने की आशंका जताई जा रही है।
दो महीने बाद भी धान का उठान नहीं
करमा। करमा ब्लॉक के करमा स्थित साधन सहकारी समिति के सामने खुले में धान रखा हुआ है। धान खरीद बंद होने के दो माह बाद भी धान का उठान यहां से नहीं हो सका है। ऐसे में बेमौसम हो रही बारिश की वजह से धान भीग रहा है। हालांकि सहकारिता विभाग केे अधिकारियों की तरफ से धान सुरक्षित तरीके से रखा जाना बताया जा रहा है। बी-पैक्स के सचिव धीरज त्रिपाठी ने बताया कि करमा बी-पैक्स पर अभी दो हजार क्विंटल धान डंप है। करीब 600 क्विंटल धान खुले में तिरपाल से ढककर रखा हुआ है, जबकि शेष 1400 क्विंटल धान टिन शेड के नीचे रखा हुआ है। सचिव ने बताया कि धान का उठान किया जा रहा है। सोमवार को भी धान उठान के लिए ट्रक लगा था, मगर बारिश होने से धान का उठान प्रभावित हो गया।