एनटीपीसी सिंगरौली के आवासीय परिसर में महिलाओं की संस्था वनिता समाज की ओर से वार्षिकोत्सव के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में नृत्य व लघु नाटिका की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। अपनी शानदार प्रस्तुतियों की बदौलत प्रतियोगियों ने खूब तालियां बटोरी।
सिंगरौली के कार्यकारी निदेशक (ईडी) अनुत्तम चौधुरी और वनिता समाज की अध्यक्ष सोमा चौधुरी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
स्वर्णाली संध्या के नाम से आयोजित कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुतियों ने लोगों को खूब आनंदित किया। इस मौके पर स्वागत गान, रेटीरे डांस, कव्वाली, जुगलबंदी नृत्य की प्रस्तुतियाें की सभी ने सराहना की।
ज्वलंत मुद्दों पर आधारित लघु नाटिका अस्तित्व की प्रस्तुति से दर्शक भाव विभोर हो गए। इस मौके पर कई रोचक गेम भी हुए। जिनमें बच्चों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
इस दौरान वनिता समाज की अध्यक्ष सोमा चौधुरी, महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण आलोक श्रीवास्तव, वनिता समाज की उपाध्यक्ष विभा श्रीवास्तव, महाप्रबंधक एफ.एम दीपांकर बोस, केया बोस, सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट दिग्विजय सिंह की मौजूदगी खास रही।
अध्यक्ष सोमा चौधुरी ने मुख्य अतिथि तथा कार्यक्रम के सहभागियों का स्वागत करते हुए समाज की प्रमुख गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज की नई कार्यकारिणी का ऐलान भी किया।
समाज की सचिव मंजुला सिन्हा ने वनिता समाज के वार्षिक प्रतिवेदन का वाचन किया एवं कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सभी का आभार जताया।