एचपी गैस एजेंसी के गोदाम पर गैस सिलेंडर के लिए खड़े लोग। संवाद
रेणुकूट। क्षेत्र के इंडेन गैस के उपभोक्ता परेशान है। पहले तो गैस बुकिंग ही सही तरीके से नहीं हो पा रही है। यदि किसी तरह बुकिंग हो भी जा रही है तो उसे समय कोड न के कारण सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हाे पा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब डिलीवरी मैन गैस सिलेंडर लेकर उनके घर पहुंचता है, तब यह जानकारी मिलती है कि उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) नहीं आया है। डीएसी न होने के कारण डिलीवरी मैन सिलिंडर देने से मना कर देता है। कहता है कि क्षेत्र के फील्ड ऑफिसर हर्ष गुप्ता की तरफ से स्पष्ट निर्देश हैं कि बिना डीएसी के किसी भी उपभोक्ता को गैस रिफिल नहीं दिया जाएगा। इस सख्ती के चलते कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के बावजूद गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। एक निजी कंपनी के सिक्योरिटी ऑफिसर निरंकार शुक्ला, अधिवक्ता राजीव मिश्रा व प्रशांत तिवारी समेत कई उपभोक्ताओं ने बताया कि बुकिंग करने के बाद भी डिलीवरी आफ्टर कन्फर्मेशन का मेसेज नहीं आ रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया अधर में लटक जाती है। उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे अपनी समस्या को लेकर फील्ड ऑफिसर हर्ष गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास करते हैं, तो वे काॅल् रिसीव नहीं करते हैं। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं में आक्रोश है। लोगों ने कहा कियदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे उच्चाधिकारियों से मिलकर मामले की शिकायत करने केे लिए बाध्य होंगे। गैस जैसी आवश्यक सेवा में आ रही इस प्रकार की तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं आम जनता के लिए बड़ी समस्या बन चुकी हैं। उपभोक्ताओं ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द समाधान की मांग की है।
गैस एजेंसी पर उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के ममुआ (गेंगुआर) स्थित एचपी गैस एजेंसी पर बृहस्पतिवार को उपभोक्ताओं की भीड़ जुटी रहीं। एजेंसी पर गैस की बुकिंग कराने के साथ ही गैस सिलिंडर लेने वालों की अलग-अलग कतार रहीं। गैस लेने पहुंचे क्षेत्र के महेश कुमार, राहुल आदि उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले गैस सिलिंडर आसानी से उपलब्ध हो जाता था। मगर जब से अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच युद्ध छिड़ा है, तब से गैस सिलिंडर की किल्लत बढ़ गई है। एजेंसी संचालक का कहना है कि उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस सिलिंडर दिया जा जा रहा है।
एआरओ पृथ्वी सिंह ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों से समन्व्य बनाकर नियमित सिलिंडर आपूर्ति और नियमानुसार वितरण की व्यवस्था की जा रही है। नियम के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी।