जिले में कोरोना कर्फ्यू का असर ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं दिख रहा है। अधिकांश कपड़े व अन्य दुकानें भी खुल रही है। हालांकि शहरी इलाकों में कर्फ्यू का थोड़ा असर देखने को मिल रहा है। शनिवार को राबर्ट्सगंज नगर में पुलिस भ्रमण कर लोगों को घरों में रहने की हिदायत दे रही थी।
जिले में कोरोना की कमर तोड़ने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक सिंह की ओर से 24 मई तक कोरोना कर्फ्यू लगाया गया है। कर्फ्यू के दौरान जरूरी सेवाओं को बहाल रखा गया है। इसका फायदा उठाते हुए बेवजह भी लोग घरों के बाहर तफरी करने के लिए निकल रहे हैं। अगर पुलिस रोकती है तो दवा की पर्ची दिखाकर चल देते है। पुलिस भी दवा लेने जाने के नाम पर नहीं रोकती है। शनिवार को राबर्टर्सगंज में सीओ राजकुमार तिवारी के नेतृत्व में भ्रमण कर कर्फ्यू का पालन कराने में जुटे रहे है। उधर, मधुपुर, करमा, कोन, घोरावल, बभनी, म्योरपुर समेत अन्य कस्बों में भी अधिकांश दुकानें खुलने की वजह से भीड़ देखने को मिली। दुकानों पर पहुंचे अधिकांश लोग बिना मास्क दिखाई दे रहे थे।