जिले में कोरोना कर्फ्यू लागू है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में कर्फ्यू का पालन नहीं हो रहा है। पुलिस कर्मियों के समझाने के बाद भी लोग बेवजह घरों के बाहर घूम रहे है। शुक्रवार को राबर्ट्सगंज समेत अन्य शहरी इलाकों में चेकिंग के दौरान पुलिस ने कर्फ्यू का उलंघन करने के आरोप में दस व्यक्तियों का चालान कर दिया।
जिला प्रशासन ने कोरोना संक्रमण के प्रकोप से लोगों को बचाने के लिए 31 मई तक कर्फ्यू लगाया है। कर्फ्यू के दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। लेकिन कर्फ्यू का असर न के बराबर देखने को मिल रहा है। बिना वजह लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। हालांकि ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस कार्यवाही कर रही है। राबर्ट्सगंज के नवीन मंडी, मेन चौक समेत अन्य जगहों पर शुक्रवार को भीड़ देखने को मिली। इस दौरान कई लोग बिना मास्क लगाए भी दिखाई दिए। जबकि शासन और प्रशासन की तरफ से लोगों को दो गज दूरी, मास्क है जरूरी का पालन करने के लिए अपील की जा रही है। सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा व चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह भ्रमण कर कर्फ्यू का पालन कराने में जुटे रहे। बढ़ौली चौक, मेन चौक समेत अन्य जगहों पर पुलिसकर्मी वाहनों की चेकिंग करते रहे। रामगढ़, चोपन, खलियारी, वैनी, ओबरा, घोरावल, करमा, शाहगंज, दुद्वी, कोन, बभनी, अनपरा, बीना समेत अन्य जगहों पर चेकिंग की गई।