सोनभद्र/घोरावल। राबर्ट्र्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ओरगाई और घोरावल कोतवाली क्षेत्र के कड़िया गांव में बीते चौबीस घंटे में मगरमच्छ निकलने से हड़कंप मचा गया। ग्रामीणों की सूचना पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर क्रमश: धंधरौल बांध और मुक्खा फाल के दह में छोड़ दिया। ओरगाई गांव के कुशवाहा बस्ती में बुधवार को तीन बजे भोर संजय मौर्या के बरामदा में मगरमच्छ घुस गया। बरामदे में ही परिवार के सदस्य सोये थे।
मगरमच्छ की आवाज सुनकर परिवारवालों की नींद खुल गई। टार्च की रोशनी में मगरमच्छ को देख परिवार वालों में हड़कंप मच गया। वहीं जानकारी होने पर आस-पास के सुनील कुमार, अंगद मौर्या, रिंकू मौर्य, रामचंद्र सहित अन्य लोग पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी बच्चा यादव और शैलेश के साथ पहुंची राबट्र्सगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया।
इसके बाद मगरमच्छ को धंधरौल बांध ले जाकर छोड़ दिया गया। वन कर्मियों के मुताबिक मगरमच्छ की लंबाई करीब आठ फीट थी। उधर घोरावल कोतवाली के क ड़िया निवासी राधेश्याम के घर में सोमवार की रात एक मगरमच्छ घुस गया और अनाज के कुठिला के नीचे छिपकर बैठ गया। रात में घर में मगरमच्छ घुसने का किसी को आभास नहीं हुआ। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे राधेश्याम को घर में अजीब सी सरसराहट की आवाज सुनाई दी। इसके बाद राधेश्याम और उसके परिजन घर में आ रही आवाज की वजह जानने के लिए इधर उधर देखने लगे।
जब राधेश्याम की निगाह कुठिला के नीचे पड़ी तो सन्न रह गया। यह देख राधेश्याम व उसके परिजन कमरे से बाहर निकल गए और दरवाजा बंद कर पुलिस को सूचना दी। वन क्षेत्राधिकारी सरजू प्रसाद के निर्देश पर वन्य जीव रक्षक नीटू शर्मा, वन दारोगा अंजनि मिश्रा, राणा प्रताप सिंह, रमाशंकर सिंह व ओमप्रकाश की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने मगरमच्छ को पकड़ लिया और मुक्खा फाल के दह में सुरक्षित छोड़ दिया। वन्यजीव रक्षक नीटू शर्मा ने बताया कि कड़िया गांव में एक घर से पकड़ा गया मगरमच्छ नर है। इसकी लंबाई करीब साढ़े पांच फीट और उम्र दो वर्ष थी। मगरमच्छ को मुक्खा फाल के दह में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ओरगाई गांव में निकला मगरमच्छ।- फोटो : SONBHADRA
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ओरगाई गांव में निकला मगरमच्छ को वाहन पर लादते लोग।- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्रः राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ओरगाई गांव में बुधवार सुबह निकला मगरमच्छ।- फोटो : SONBHADRA