एनसीएल की परियोजनाओं से रात में कोयला चोरी कर उसे ट्रक के जरिए चंदासी मंडी एवं अन्य जगहों पर ले जाए जाने का खुलासा हुआ है। मंगलवार की भोर में एनसीएल के मुख्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र सिंह की अगुवाई में टीम ने बीना स्थित सीएचपी शिव मंदिर के पास चोरी का कोयला लदे दो ट्रकों को पकड़ लिया। छह लोग मौके से दबोचे गए।
इसके बाद एनसीएल की सुरक्षा विंग और पुलिस के बीच घंटों पंचायत हुई, तब जाकर पुलिस ने वाहनों और पकड़े गए लोगों को हिरासत में लिया।
डिस्को (डीओ) के कागजात के आधार पर चोरी के कोयले को लंबे समय से चंधासी मंडी एवं अन्य जगहों पर खपाया जा रहा है। दो माह पूर्व से इस खेल में एक चर्चित माफिया के जुड़ाव के बाद इसको लेकर बड़ा सिंडीकेट बन गया है। बीना-खडि़या में यह खेल कुछ ज्यादा ही चटख बना हुआ था। लगातार शिकायत को देखते हुए एनसीएल मुख्यालय की टीम भी चक्रमण में लगी हुई थी।
मुख्य सुरक्षा अधिकारी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक भोर में तीन बजे के करीब जैसे ही टीम सीएचपी शिव मंदिर वाले रास्ते पर पहुंची एक पिकप और एक मिनी ट्रक में कोयला लोड होकर आता दिखाई। तत्काल दोनों वाहनों को रोकने के साथ ही इसमें बैठे छह व्यक्तियों को दबोच लिया गया। पूछताछ में कोयला चोरी का बड़ा सिंडीकेट संचालित होने की बात सामने आई। बताया कि वाहन और पकड़े गए आरोपियों को पुलिस के हवाले कर तहरीर दे दी गई है।
उधर, पुलिस का कहना था कि मुख्य सुरक्षा अधिकारी को प्रकरण की विस्तृत जानकारी के लिए बुलाया गया है। उनके आते ही मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।