घोरावल कोतवाली क्षेत्र के शिवद्वार से डाला जा रही श्रद्धालुओं से भरी डीसीएम सोमवार को मारकुंडी घाटी में राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 26 घायल हो गए। डीसीएम का ब्रेक के फेल होने पर हादसा हुआ।
डाला स्थित वैष्णो मंदिर श्रद्धालु पूजन- अर्चन करने के लिए जा रहे थे। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद डाक्टरों ने पांच घायलों को वाराणसी रेफर कर दिया। सभी घायल वाराणसी जिले के चित्रसेनपुर कछवा मंडी के रहने वाले हैं।
अलसुबह सुप्रसिद्ध गुप्तकाशी से उमा-माहेश्वर का पूजन-अर्चन करने के बाद करीब 50 की संख्या में श्रद्धालु डीसीएम में सवार होकर डाला स्थित वैष्णो मंदिर जाने के लिए रवाना हुए। सुबह करीब नौ बजे रास्ते में चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी के दूसरे मोड़ पर अनियंत्रित होकर डीसीएम पलट गई।
दुर्घटना में वाहन में सवार आशीष (30), राजकुमार (40), वीरेंद्र (45), राजनाथ (41), सूरज (10), अंकित (10), आकाश (11), लरलजी (55), महेंद्र (29), निदारी लाल (44), भगवंता (55), जगदीश (42), नन्हकू सिंह (65), जवाहिर (70), सुरेश (40), गुड्डू (30), रामा पटेल (65),
विजय पटेल (40), वीरेंद्र (44), राहुल (24), कांता (35), चचंल (35), पिंटू (31), चालक अनिल (32), रमाशंकर (33), श्यामलाल (22) घायल हो गए। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों की मदद करने के साथ घटना की सूचना पुलिस को दी।
घटनास्थल पर पहुंचे चोपन थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र, कांता, राहुल, चंचल और पिंटू को जिला अस्पताल ले गए। यहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डाक्टरों ने सभी घायलों को रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी होने पर घायलों के घरवाले भी मौके पर पहुंच गए। निजी वाहन से घायल अपने घर गए। पुलिस ने क्रेन से डीसीएम हटवाया।