photos of road accident in gopeshwar
चोपन इलाके के जुगैल मार्ग पर इंडियन गैस एजेंसी के सामने रविवार की सुबह ट्रक की चपेट में आकर पोलियो ड्राप पिलाने जा रही बाइक से जा रही आशा कार्यकर्ता की मौत हो गई। बाइक चला रहा उसका बेटा जख्मी हो गया। उसे चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने महिला के शव को सड़क पर रखकर रास्ता रोक दिया। दो घंटे बाद उप जिलाधिकारी सदर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
जुगैल थाना क्षेत्र के बिजौरा गांव की आशा कार्यकर्ता मुन्नी देवी(42) अपने बेटे मुरारी (19) के साथ बाइक से पोलियो ड्राप पिलाने के लिए क्षेत्र में जा रही थी। चोपन-जुगैल मार्ग पर इंडियन गैस एजेंसी के सामने रविवार की सुबह 9:45 बजे बालू लेने जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सवार दूर जा छिटके।
मुन्नी देवी की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत ह ोगी जबकि मुरारी गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र शास्त्री के नेतृत्व में मार्ग पर महिला के शव को रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर सदर एसडीएम कैलाश सिंह, सीएमओ यूके वर्मा, ओबरा सीओ प्रवीण यादव मौके पर पहुंचे।
सीएमओ ने तत्काल 10 हजार रुपये आर्थिक सहायता परिवार वालों को दी। इसके अलावा हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब दो घंटे बाद 11:45 बजे मामला शांत हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान विशाल पांडेय, नरसिंह त्रिपाठी, बृजेश पांडेय आदि मौजूद रहे।