शाहगंज। थाना क्षेत्र के जुड़ौली गांव में पत्थर की खदान में शनिवार की सुबह अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। इससे चालक हृदय नारायण कोल (45) की दबकर मौत हो गई। शव लेने पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। एसडीएम शादाब असलम ने मुआवजा की घोषणा करके लोगों को शांत कराया।
सेंचुरी एरिया से सटे जुड़ौली गांव में पत्थर का अवैध खनन हो रहा है। बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह करीब छह बजे कोलकाड़ी गांव निवासी हृदय नारायण पुत्र सुरेश ट्रैक्टर लेकर जुड़ौली स्थित पत्थर खदान में गया था। इस दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसी के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेेने की कोशिश किया तो ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक एसडीएम मौके पर आकर मृतक के परिवार वालों को मुुआवजा देने की घोषणा नहीं करते, शव नहीं उठने दिया जाएगा। ग्रामीणों की जिद पर पुलिस ने एसडीएम को मामले से अवगत कराया। इस पर एसडीएम घोरावल शादाब असलम मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुआवजा देने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीणों ने शव को उठने दिया।