बभनी। घघरी गांव में सड़क की पेंटिंग को लेकर रविवार को गांव के युवकों और मजदूरों में विवाद हो गया। इसमें एक मजदूर ने खौलता हुआ गिट्टी और कोलतार फेंक दिया। इससे घघरी निवासी आकाश सिंह (22), विक्की (24) एवं सोन शाय (20) झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों युवकों को बभनी सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत होने की दशा में आकाश को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
घघरी बाजार से चट्टानी डांड़ तक दो किलोमीटर सड़क के पेंटिंग का काम चल रहा था। गांव के आकाश सिंह , विक्की, सोन शाय समेत गांव के कुछ अन्य लोग वहां पहुंच गए। इस बीच दोनों पक्षों में अपने- अपने ढंग से कार्य कराने की बात कही। इससे बात बढ़ गई और दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गया। इतने में संवरा गांव निवासी प्रदीप कुमार ने ड्रम में खौलता हुआ गिट्टी और कोलतार युवकों के ऊपर फेंक दिया। जिससे आकाश सिंह बुरी तरह से झुलस गया। वहीं विक्की और सोन शाय को भी चपेट में आ गए। तीनों को बभनी सीएचसी में भिजवाया गया, जहां आकाश की हालत गंभीर होने की दशा में उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य दो लोगों का उपचार करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इस संदर्भ में बभनी पुलिस का कहना है कि जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।