सोनभद्र (कोन)। थाना क्षेत्र के असनाबांध गांव में बुधवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो सगे भाइयों में मारपीट हो गई। छोटे भाई ने पत्थर से बड़े भाई दयाशंकर (40) के सिर पर वारकर उसे लहूलुहान कर दिया। अस्पताल पहुंचने के पूर्व घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब पौने पांच बजे ग्राम पंचायत कचनरवा के असनाबांध गांव में दो भाइयों के बीच मारपीट हो गई। दयाशंकर ने हाथ में गड़ासा लेकर मारने के लिए छोटे भाई उमाशंकर को दौड़ाया तो बचाव में उमाशंकर ने पत्थर उठाकर दयाशंकर को मार दिया। पत्थर के चोंट लगने से दयाशंकर लहूलुहान होकर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। घरवाले आनन-फानन में घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोन ले जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घरवाले शव को वापस घर ले गए। देर रात घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष गोपाल यादव ने शव को कब्जे में ले लिया। गुरुवार को सीएचसी दुद्धी में पुलिस ने शव का पीएम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया। ओबरा सीओ डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने कहा कि मृतक की पत्नी सुषमा देवी कह तहरीर पर आरोपी उमाशंकर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी का चालान भी कर दिया गया।