सोनभद्र। कोतवाली पुलिस ने गुुुरुवार को बभनौली गांव निवासी घायल राजेश की तहरीर पर सर्फराज, इशहाक और रिजवान के खिलाफ जानलेवा हमला करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तीनों आरोपी घायल के गांव के ही रहने वाले है।
पुलिस के मुताबिक वादी का कहना है कि गुरुवार की दोपहर करीब एक बजे वह अपने घर से बाइक पर सवार होकर कचहरी जाने के लिए निकला। बाइक पर उसके साथ दो अन्य व्यक्ति और बैठे थे। रास्ते में बिच्छी गांव के समीप पहले से घात लगाकर बैठे विपक्षीगणों ने बोलेरो से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इस वजह से तीनों गिर गए। इसके बाद विपक्षियों ने बोलेरो को बैक कर उसके ऊपर चढ़ाने का भी प्रयास किया, लेकिन भागकर अपनी जान बचाई। वादी का आरोप है कि उसका विपक्षीगणों से पुराना विवाद चल रहा है, इसलिए वे लोग उसे जान से मारना चाहते है। सीओ विवेकानंद तिवारी ने कहा कि कोतवाल को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया गया है।