सोनभद्र (दुद्धी)। कोतवाली क्षेत्र में लोगों को गुमराह कर धोखाधड़ी करने वाली एक नेटवर्किंग कंपनी के 11 सदस्यों को पुलिस ने धर दबोचा। सीओ रामलाल ने पत्रकारों को पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की। शनिवार को पीड़ित रमेश बैगा की तहरीर पर पुलिस ने 11 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व दुद्धी नगर में स्थित एक होटल में कोतवाल विनोद यादव ने एक नेटवर्किंग कंपनी के चल रहे सेमिनार में छापेमारी कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो पता चला कि जनता को कम दाम पर सामान देने का प्रलोभन देकर धन ऊगाही करने का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ठगी करने वालों की तलाश में जुट गई। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात टेढ़ा गांव निवासी रमेश बैगा की तहरीर पर नेटवर्किंग कंपनी के सरगना भदोही जिले पिपरिस निवासी नीरज कनौजिया, दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के सुंदरी गांव निवासी निर्मल, श्याम नारायण, रामआधार, अमवार निवासी मुन्नीलाल, बघाड़ू निवासी श्रवण कुमार, राकेश, बभनी थाना क्षेत्र के घघरी गांव निवासी शिवकुमार सोनी, दिघुल निवासी अशोक यादव, म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुदरी निवासी नाबालिक सिंह, सूपाचुआ निवासी ह्दयदयाल कई अज्ञात के खिलाफ के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी का मुकदमा कायम किया गया। नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया गया। नीरज के कब्जे से 22 हजार नकद, एक इकोस्पोर्ट कार, प्रोजेक्टर एसाउंड समेत अन्य कागजात बरामद कर जांच पड़ताल की जा रही है।