नगर मेें स्थित एक निजी अस्पताल के सामने बुधवार को मारूति कार और बाइक में टक्क्कर हो गई। कार सवार भाजपा के एक नेता ने बाइक सवार से कान पकड़वा कर उठक-बैठक कराया। इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पीआरवी पहुंची। लेकिन पुलिसकर्मी बगैर कार्रवाई किए वापस लौट गए। मामला संज्ञान में आने पर एसपी आरपी सिंह ने पीआरवी के मुख्य आरक्षी वीरेंद्र यादव व कांस्टेबल दीपक सिंह को निलंबित कर दिया।
दोपहर बाद राबट्र्सगंज नगर में स्थित एक निजी अस्पताल के सामने कार-बाइक में टक्कर हो गई। इसकी जानकारी होने पर डॉयल 100 की फोर्स पहुंच गई। पीआरवी के सामने कार में सवार एक व्यक्ति ने उतर कर खुद को भाजपा का नेता बताते हुए बाइक चलाने वाले से कान पकड़ कर उठक-बैठक करवाने लगा। वहीं पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। पुलिस के सामने नेता द्वारा उठक-बैठक कराने का मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस महकमे के उच्चाधिकारियों को प्रकरण की जानकारी हुई। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि पदीय कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनतां बरतने के आरोप में एसपी ने पीआरवी के वाहन संख्या 3077 के मुख्य आरक्षी वीरेंद्र यादव व कांस्टेबल दीपक सिंह को निलंबित कर दिया है।