सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली में शनिवार को जिले के पूर्व सीएमओ डॉ. एसकेजी सिंह समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन का केस दर्ज किया गया। यह कार्रवाई मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के निर्देश पर राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह पटेल की तहरीर पर हुई है।
18 मई 2017 को राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी बुधिराजी देवी की तबीयत खराब हो गई। घरवाले उसे राबर्ट्सगंज हास्पिटल एंड सर्जिकल बाइपास रोड केनरा बैंक ले गए। यहां डॉक्टर सिद्वार्थ मिश्र ने बताया कि बुधराजी देवी के पेट में ट्यूमर है, इसलिए ऑपरेशन करना पड़ेगा। डॉक्टर ने ऑपरेशन के नाम पर 20 हजार दवा के लिए 20 हजार रुपये जमा कराया। 19 मई को डॉक्टर ने महिला के ऑपरेशन की तैयारी शुरू की तो रोगी की लड़की अंजली ने ऑपरेशन करने से मना कर दिया। इसके बावजूद डॉक्टर ने ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के बाद रोगी तबीयत सुधरने के बजाय बिगडने लगी। यह देख डॉक्टर रोगी को वाराणसी के मैक्सवेल हास्पिटल में ले जाकर भर्ती कराया। उपचार के नाम पर 45 हजार जमा कराया गया। लेकिन मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ। यहां से घरवाले बुधराजी को दूसरे अस्पताल में ले जाकर उपचार कराया तो वह ठीक हुई। रालोद के जिलाध्यक्ष संतोष पटेल ने सीएमओ से डॉक्टर सिद्धार्थ समेत अन्य की शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सिटी सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि संतोष के प्रार्थना पत्र पर राबर्ट्सगंज हास्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर के डॉ. सिद्वार्थ शंकर मिश्र, डॉ. सरिता मिश्र, डिप्टी सीएमओ डॉ. डीके सिंह, पूर्व सीएमओ डॉ. एसकेजी सिंह जो वर्तमान में अंबेडकर नगर के सीएमओ हैं के खिलाफ धोखाधड़ी, गबन समेत अन्य धाराओं में मुकदमा कायम किया गया है।