सिंगरौली। मोरवा थाना क्षेत्र के देवरी डांड़ गांव में तेरह दिन पूर्व वृद्धा देवकुमारी की हुई रहस्यमयी हत्या का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी देवकुमारी के घर के बगल से सीमेंट शेड चोरी कर रहा था। उसने शोर मचाया तो गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को दूसरा रूप देने के लिए लाठी से वारकर चेहरा भी बिगाड़ दिया, लेकिन अचानक से उसे घर से लापता होने पर वह पुलिस के संदेह के घेरे में आ गया, जिससे सारी सच्चाई सामने आ गई।
एसपी रुडोल्फ अल्वारेस ने बताया कि गत 13 जून की रात एक बजे देवरीडांड़ निवासी सतल बैगा देवकुमारी के घर के बगल में चोरी करने पहुंचा था। चोरी करते समय देवकुमारी की नजर पड़ गई। इस पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। यह देख सतल ने उसे दबोच लिए और उसे घसीटते हुए घर के अंदर ले जाकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान उसने नकदी एवं अन्य सामान भी चोरी किए ताकि लगे कि घटना किसी दूसरे ने अंजाम दिया है। मुखबिरों की सूचना पर मंगलवार को उसे उसके साली के घर नंदनी गांव से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने सारी सच्चाई उगल दी। एसपी ने बताया कि कामयाबी पाने वाली टीम को दस हजार रुपये से पुरस्कृत किया गया है। बता दें कि आरोपी मोरवा थाने का हिस्ट्रीशीटर है और कुछ माह पूर्व ही वह तीन साल की सजा काटकर रिहा हुआ है।