सोनभद्र। मांची थाना पुलिस ने टैंपो चालक शिवकुमार के अपहरण के मामले में सोमवार को चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। यह मुकदमा पुलिस ने कथित रूप से एक लाख 15 हजार रुपये की फिरौती देने के बाद छूटे शिवकुमार की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया है। एसपी किरीट राठोड ने मामले के खुलासे के लिए सीओ सदर अभिवन यादव के अगुवाई में दो टीम गठित की है। पुलिस युवक और उसके पिता से पूछताछ कर चुकी है और अब मामले की छानबीन कर रही है। युवक और उसके पिता के मोबाइल का काल डिटेल की भी जानकारी पुलिस ले रही है।
मांची थाना क्षेत्र के कजियारी गांव का शिवकुमार पुत्र गोपाल टैंपो चलाकर जीविकोपार्जन करता है। आठ दिन पूर्व वह अचानक लापता हो गया था और उसका टैंपो तेनुडाही गांव में मिला था। इसी बीच शनिवार को शिव कुमार के पिता गोपाल ने पुलिस को जानकारी दी कि किसी व्यक्ति ने उसके मोबाइल पर फोन कर पुत्र को छोड़ने के लिए पांच लाख की फिरौती मांगी है। फिर उसने शनिवार को शाम छह बजे अधौरा थाना क्षेत्र के बघौता गांव के जंगल में जाकर फिरौती की रकम एक लाख पंद्रह हजार देकर अपने पुत्र को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छोड़ाया। अपहरण करने वालों ने युवक के पिता को घर जाने के लिए कहा और बताया कि उसके बेटे को छोड़ दिया जाएगा। फिर देर शाम जब अपहरणकर्ताओं ने शिवकुमार को छोड़ा तो उसने अपने पिता गोपाल को इसकी जानकारी दी। गोपाल ने पुत्र को कहा कि रात हो चुकी है इसलिए वह पास में ही अपने रिश्तेदार के घर रूक जाए। दूसरे दिन गोपाल पुलिस के साथ रिश्तेदार के घर गया और शिव क़ुमार को लेकर लौटा। पुलिस उसे सीधे थाने ले आई जहां मांची के साथ ही अधौरा थाने की पुलिस ने भी उससे पूछताछ की थी। सीओ सदर ने बताया कि पूछताछ के दौरान शिवकुमार ने बताया कि दो बाइक पर सवार चार लोग उसे अगवा कर ले गए थे। उसकी तहरीर पर चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्वाट टीम और मांची पुलिस को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।