घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के कोरट गांव में बुधवार की सुबह सोन नदी में लावारिस एक किशोरी का शव उतराता मिला। शव के ऊपर मारकीन और पीताबंर में बालू का गट्ठर बांध कर रखा गया था। इसकी जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे कोतवाल ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कोरट गांव में सोन नदी किनारे डाला छठ पर्व मनाया जा रहा था। पूजा स्थल से करीब सौ मीटर की दूरी पर नदी में ग्रामीणों ने पंद्रह वर्षीय एक लड़की का शव उतराता देख पुलिस को सूचना दी। जिस जगह पर शव था वहां करीब डेढ़ फीट पानी था। मारकीन और पीताम्बर के दो कपड़ों में बालू का गट्ठर बनाकर शव के ऊपर रखा गया था और लड़की के दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे। उक्त लड़की का पैर और जूती दिखाई दे रहा था। देखते ही देखते घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग पहुंच गए, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। उधर घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कोतवाल आशीष कुमार सिंह ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालवाया। इसक बाद शव को अस्पताल भेजा। इस संबंध में सीओ विवेकानंद तिवारी ने कहा कि सम्भवत उक्त किशोरी की मौत के बाद परिजनों द्वारा उसका अंतिम संस्कार नदी में किया गया है। हालांकि किशोरी की मौत कैसे हुई और वह कहां की रहने वाली है इसका पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 72 घंटे बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हुई तो पीएम करवाकर दाह संस्कार करवा दिया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा।