दुद्धी। नगर पंचायत के वार्ड आठ में शुक्रवार की रात चोरों ने अध्यापिका सितारन निशा के घर का ताला तोड़कर सामान चोरी कर लिया। घटना के वक्त अध्यापिका अपने बच्चों के साथ नगर में ही स्थित अपनी मां के घर गई थी। उसे शनिवार की सुबह चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। अध्यापिका से चोरी गए सामानों के बारे में जानकारी ली।
अध्यापिका सितारन निशा ने बताया कि वह क़स्बे के वार्ड नंबर आठ में उमेश गुप्ता के मकान में किराए पर रहती है। किराए के घर के ही पास करीब 50 मीटर की दूरी पर स्थित अपने मां के घर रात्रि में किसी काम से गई थी। इस पर उसकी मां ने उसे रात में वहीं रोक लिया। रात्रि में उसका बेटा 11 बजे रात्रि तक घर में था और आईपीएल मैच देख रहा था। फिर वह भी ताला लगाकर अपनी नानी के घर आ गया। शिक्षिका सुबह करीब छह बजे जब अपने घर लौटी तो अपने घर का ताला टूटा देखा। अंदर जाकर देखा तो सामान इधर-उधर बिखरे पड़े थे। पीड़िता ने बताया उसके घर से घड़ी, लड़की के दो जोड़े सलवार सूट, इंवर्टर, सिलेंडर, राशन कार्ड, गैस पासबुक समेत पांच हजार रुपये उसके पर्स से चोरी हो गया।