जियावन थाना क्षेत्र के रेड़ी गांव में स्थित नाले में डूबने से रविवार को दो बालिकाओं की मौत हो गई। दोनों बकरी चराने के लिए रविवार दोपहर बाद घर से निकली थीं। देर शाम तक उनके नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू हुई तो शव नाले में उतराया मिला।
जियावन (देवसर) क्षेत्र के रेड़ी गांव के रहने वाले रामधारी बैगा की पुत्री चंदावती (09) और चैन प्रसाद यादव की पुत्री प्रीती (10) बकरी चराने के लिए गांव से कुछ दूर स्थित नाले के तरफ गई थीं। इसी दौरान दोनों नरदा कुंड नाले में नहाने उतर गईं इसी दौरान दोनों डूब गईं। देर शाम तक दोनों घर नहीं पहुंचीं तो घरवालों ने उनकी तलाश शुरू की।
इसी बीच एक व्यक्ति ने बताया कि उसने दोनों बच्चियों को नाले की तरफ जाते देखा था। जानकारी के बाद घरवाले और गांव के लोग नाले के तरफ गए और खोजबीन शुरू किया तो दोनों के शव पानी में उतराए मिले। इसके बाद गांव में कोहराम मच गया।
सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शवों को ग्रामीणों के सहयोग से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। देवसर के टीआई दिनेश जाटव ने बताया कि शुरूआती जांच में साफ हो गया कि यह दुर्घटना है इसके बाद भी पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।