अदलगंज-पइका गांव के बीच बाइक सवार बदमाश रविवार को एसएनएस माइक्रो कंपनी के दो कर्मचारियों से दो लाख 35 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध लूट का केस दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
मिर्जापुर निवासी नवलेश और अमित कुमार एसएनएस माइक्रो कंपनी में कार्य करते हैं। दोनों कर्मचारी चोपन थाना क्षेत्र के कई गांवों में लोगों को रुपये बांटने गए थे।
सायं करीब चार बजे अदलगंज-पइका गांव के बीच में पल्सर सवार दो युवकों ने बाइक सवार कर्मचारियों को रोका और एक युवक ने कर्मचारियों का रुपये से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद सभी भाग निकले। कर्मचारियों ने बदमाशों को पकड़ने काप्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए।
खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। लुटेरों की तलाश में पुलिस मारकुंडी समेत अन्य स्थानों पर छापेमारी कर रही थी।