एनसीएल की जयंत केंद्रीय कर्मशाला में स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत एक कर्मी स्टोर के सामानों के साथ सोमवार की देर शाम सुरक्षा चेक पोस्ट पर तलाशी के दौरान पकड़ लिया गया। उसके टिफिन व कमर के बेल्ट के नीचे स्पेयर पार्ट्स के सामान बरामद किए गए। जयंत पुलिस कर्मी से पूछताछ कर रही है।
जयंत स्थित केंद्रीय कर्मशाला के पहले सुरक्षा चेक पोस्ट बनाया गया है। जहां ड्यूटी से निकलने वाले कर्मचारियों की भी जांच की जाती है। सोमवार की शाम स्टोर कीपर ड्यूटी से वापस घर जा रहा था। चेक पोस्ट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने पहले उसके टिफिन की तलाशी ली। टिफिन में कई स्पेयर पार्ट्स बरामद होने के बाद सुरक्षा कर्मियों ने जब उसकी तलाशी ली, तो बेल्ट के सहारे और भी कई नए पार्ट्स मिले। सुरक्षा कर्मियों ने इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के मुताबिक बरामद सामानों की कीमत चार लाख रुपये से अधिक है। इसके बाद स्टोर की जांच की गई तो कई चीजें पता चलीं। अधिकारियों ने बताया कि सेंट्रल वर्कशॉप के अंदर से करीब आठ लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। अधिकारियों की सूचना पर पहुंची जयंत पुलिस उक्त कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी अधिकारी एसके सिंह के मुताबिक कर्मी को जयंत पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके अलावा परियोजना के अधिकारियों द्वारा भी जांच की जा रही है।