मधुपुर। सुकृत पुलिस चौकी के कम्हरिया गांव के समीप वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर खड़े ट्रक में शनिवार की रात एक हाइवा घुस गया। इस हादसे में हाइवा चालक रविंद्र कुमार (26) पुत्र गुलाब निवासी बेलखुरी शाहगंज की मौत हो गई। पुलिस ने क्रेन मंगा कर दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को किनारे करवा कर उसमें फंसे शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर दुर्घटना के बाद घंटे भर के लिए एक लेन पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था।
शनिवार की रात करीब एक बजे अहरौरा की तरफ से गिट्टी लोड कर हाइवा राबर्ट्सगंज की तरफ जा रहा था। अभी हाइवा कम्हरिया गांव के समीप पहुुंचा था कि अचानक सामने एक मवेशी आ गया और उसको बचाने की चक्कर में खड़े ट्रक से टकरा गया। दुर्घटना में हाइवा चालक रविंद्र कुमार (26) पुत्र गुलाब निवासी बेलखुरी शाहगंज की मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद आवागमन भी ठप हो गया। ट्रक के चालक, खलासी फरार हो गए। रास्ते से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना पुलिस को दी। रात में ही सुकृत चौकी प्रभारी रामप्रवेश कुशवाहा ने क्रेन मंगवाकर हाइवा को किनारे करवाया। तब हाइवा में फंसे शव को बाहर निकाला जा सका। चौकी प्रभारी ने शव को अस्पताल भिजवाने के साथ ही आवागमन बहाल कराया। हालांकि अधिकांश वाहन दूसरे लेन से होकर गुजर गए थे। उधर रविवार की सुबह घटना की जानकारी मिलन पर मृतक के घरवाले, संबंधित भी पहुंच गए। सिटी सीओ राहुल मिश्रा ने कहा कि शव का पीएम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। कहा कि मृतक के घरवाले जो तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।