टैंकर की चपेट में आने से बालक, बालिका की मौत
म्योरपुर। क्षेत्र के झारोकला गांव में शनिवार की शाम टैंकर की टक्कर से म्योरपुर-दुद्धी मार्ग पर अनुराग (4) पुत्र उदय शर्मा की मौत हो गई। परिवारीजन उसे लेकर कहीं से घर लौट रहे थे। सड़क के किनारे स्थित घर के समीप तेज गति टैंकर ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवारीजन उसे लेकर तत्काल दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए लेकिन तब तक उसकी जान चली गई।
उधर, केकराही में करमा थाना क्षेत्र के भरूहा गांव के समीप शुक्रवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से एक बालिका घायल हो गई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने छोटी (10) को बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन यहां डॉक्टर ने बालिका को जवाब दे दिया। शनिवार को घरवालों ने बालिका को लेकर वापस घर पहुंचे। देर शाम उसकी मौत हो गई। बगैर सूचना दिए पुलिस को घरवालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।