मधुपुर। सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के मधुपुर कस्बे के कोल बस्ती के समीप शनिवार की रात बोरवेल मशीन के धक्के से 11 हजार विद्युत पोल टूटकर रिहायशी मकान पर गिर पड़ा। तारों में प्रवाहित करेंट मकान में उतर गया जिसकी जद में आकर रूबी देवी (26) झुलस गई। इलाज के लिए जिला अस्पताल गई महिला को डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। आक्रोशित लोगों ने बोरवेल मशीन की हवा निकाल दी। पुलिस ने नाराज लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
मधुपुर कस्बे के कोल बस्ती के समीप शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे बोरवेल मशीन के धक्के से 11 हजार विद्युत पोल टूट कर बगल के रिहायशी मकान पर गिर पड़ा। मकान में करेंट उतरने से रूबी पत्नी संजय गोड़ गंभीर रूप से झुलस गई। आसपास के लोगों की मदद से घरवाले महिला को कस्बे में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टर ने रूबी को जिला अस्पताल भेज दिया। यहां से भी डॉक्टर ने महिला को बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेज दिया। उधर घटना के बाद मशीन को छोड़ कर उस पर सवार सभी फरार हो गए। आक्रोशित कुछ लोगों ने मशीन के टायरों की हवा निकाल दी। बारिश होने के कारण मशीन कीचड़ में फंस गई। दूसरे दिन रविवार की दोपहर बाद तक ट्रैक्टर से खींच कर मशीन को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा था। उधर घटना की जानकारी होने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि मशीन के संचालकों द्वारा झुलसी महिला का उपचार कराया जा रहा है। पीड़िता या उसके परिवार के सदस्य जो तहरीर देंगे उसके आधार पर केस दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।