सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के बरैला गांव में शुक्रवार की रात कुछ लोगों ने एक किशोर को चोरी करने के आरोप में पकड़ कर पीटा। जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने के बाद आरोपी किशोर को अपने साथ कोतवाली ले गई।
पुलिस के मुुताबिक रात करीब दस बजे गुमटी में चोरी करने का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने एक किशोर को पकड़ कर पिटाई कर दी। इसके बाद किसी ने डॉयल 100 पर कॉल कर सूचना दिया कि चोरी करते हुए एक चोर को पकड़ लिया गया है। सूचना पाकार मौके पर पहुंची सौ नंबर की पुलिस ने भीड़ की चंगुल से किशोर को छुड़ाकर हिरासत में लेकर उससे चोरी करने के बाद पूछताछ की। किशोर ने बताया कि उसके दो साथियों ने चोरी करने का प्रयास किया था। उसको अनायास पकड़ कर पीटा गया है। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए किशोर की निशानदेही पर उसके फरार साथियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। कहा कि अभी तक किसी ने लिखित चोरी की तहरीर नहीं दी है। इसके बावजूद अगर जांच में चोरी का आरोप सही निकला तो हिरासत में लिए गए किशोर और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।