सिंगरौली। मंगलवार शाम सरई थाना क्षेत्र के एक गांव में आदिवासी परिवार की मासूम संग गैंगरेप से सनसनी फैल गई। हालत बिगडने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई, तब देर रात उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विवरण के मुताबिक आठ साल की मासूम मंगलवार शाम गांव के बाहर स्थित नाले पर नहाने गई थी। इसी दौरान दो किशोरों ने उसे हवस का शिकार बनाया और छोड़कर भाग गए। घटना की जानकारी मासूम की स्थिति बिगडने के बाद परिवार के लोगों को हुई । तब उसे सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब दस बजे परिजन जिला चिकित्सालय पहुंचे और चिकित्सकों ने लगातार हो रहे रक्तस्राव के बाद रेप की पुष्टि की।
एसपी अभिजीत रंजन ने रात में ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी। बुधवार एसपी ने पीड़िता के गांव का दौरा किया और मातहतों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को गिरफ्तार कर दुष्कर्म सहित पास्को एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर मंगलवार शाम गांव स्थित नाले पर नहाने गई आठ साल की आदिवासी बालिका के साथ हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिला अस्पताल के सीएचएमओ आरपी पटेल के मुताबिक बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। पीड़ित को बेहतर इलाज के लिए एनसीएल के नेहरु शताब्दी चिकित्सालय भिजवा दिया गया है, उसकी हालत में सुधार हो रहा है।