सोनभद्र। कोतवाली पुलिस ने महिला सफाईकर्मी की तहरीर पर राबटर्सगंज स्थित पीएनबी बैंक के शाखा प्रबंधक और लखनऊ के विभूति खंड स्थित प्रांतीय कार्यालय के प्रबंधक सहित तीन के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।
आजमगढ जिले की मेहनाजपुर नई बस्ती निवासिनी नंदनी कुमारी सोनभद्र में सफाईकर्मी है। वर्तमान में वह राबटर्सगंज के धर्मशाला चौराहे पर रहती है। नंदनी का खाता पीएनबी बैंक में है। वेतन भी इसी खाते में आता है। 21 जनवरी को वह एचडीएफसी बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई मगर किन्हीं कारण वश उसके खाते से धनराशि नहीं निकल सकी। उसके पीछे एक अज्ञात युवक खड़ा था। फिर 22 जनवरी को पीएनबी बैंक शाखा गई तो पता चला कि उसके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। नंदनी का आरोप है कि बैंक प्रबंधक के पास खाते का डिटेल मांगने गई तो उसे नहीं दिया गया। काफी प्रयास के बाद 24 जनवरी को उसे बैंक से स्टेटमैंट मिला तो उसके होश उड़ गए। एकाउंट से 22 जनवरी को दो बार पचास हजार रुपये और चार बाद दस हजार रुपये निकाले गए हैं। साथ ही तीन बार में 2360 रुपये खाते से चार्ज भी कटा है। नंदनी का कहना है कि एक दिन में एटीएम से 25 हजार रुपये निकालने की लिमिट है। जबकि एक दिन में तीन बार ही रुपये निकाले जा सकते हैं। जबकि उसके खाते से छह बार रुपये निकाले गए हैं। आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने कर्मचारियों से मिलकर उसके खाते से रुपये निकाल लिए। उसने मामले की सूचना 24 को कोतवाली पुलिस को दी मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिर 30 जनवरी को लखनऊ के गोमती नगर विभूति खंड स्थित प्रांतीय कार्यालय और एसपी को रजिस्ट्री पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई। मगर वहां भी सुनवाई नहीं हुई तो वह कोर्ट की शरण में गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों बैंक अफसर के अलावा एक अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।