बरहज। क्षेत्र के परसियां तिवारी गांव में पिछले दौरान बरात में मारपीट के दौरान दिव्यांग की मौत के मामले में होमगार्ड सहित दो आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। परसियां तिवारी गांव निवासी और होमगार्ड सुरेंद्र प्रसाद के घर 30 मई को भैदवां गांव से बरात आई थी। द्वारपूजा के बाद भोजन के दौरान मारपीट में गांव का ही दिव्यांग प्रेमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने होमगार्ड सुरेंद्र प्रसाद, राजाराम, हनुमान गुप्त सहित चार पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था। गुरुवार को सुरेंद्र प्रसाद और भैदवां निवासी राजाराम को जेल भेज दिया गया। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।