बभनी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को फिर तीन ओवरलोड ट्रकों को पकड़ कर सीज कर दिया।बावजूद इसके अवैध खनन और ओवरलोड ट्रकों का संचालन बंद नहीं हो रहा। परिवहन विभाग भी ओवरलोड बालू लदे वाहनों पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है।
छत्तीसगढ़ सीमा से सटे पांगन नदी में बालू का खनन पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। छत्तीसगढ़ की परमिट पर बालू का परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इसका कई बार विरोध भी किया। यहां तक की बभनी पुलिस ने नदी से बालू लेकर निकलने वाली सड़क पर जेसीबी से गड्ढा भी खोदवाया दिया। लेकिन बालू ब्यवसायियों ने गड्ढे को फिर पटवाकर बालू का परिवहन शुरू करा दिया।
बृहस्पतिवार को बभनी थाना पुलिस ने मौके से बालू की तीन ट्रकों को पकड कर थाने में सीज कर दिया। साथ ही एसडीएम दुद्धी व खनन विभाग को भी रिपोर्ट भेज दिया है। बता दें कि पागन नदी का बालू वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, गोरखपुर समेत अन्य जिलों में जाता है। बालू ब्यवसायी छत्तीसगढ़ की परमिट पर बालू का परिवहन कर रहे हैं। पांगन नदी से बालू के ओवरलोड ट्रकों के संचालन से क्षेत्र की सड़कें भी खराब हो रही हैं। इसका विरोध पिछले दिनों बैना, तेंदुअल आदि के ग्रामीणों ने किया। कई बार विरोध प्रदर्शन भी किया। इसके बाद कार्रवाई भी शुरू हुई। लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने पिछले दिनों मौके का निरीक्षण किया और बभनी पुलिस को निर्देश दिया कि यहां खनन और अवैध परिवहन न हो। बालू साइट पर जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने जेसीबी से गड्ढा भी खोदवा दिया लेकिन बालू खनन कराने वालों ने फिर गड्ढा पटवाकर खनन शुरू करा दिया। अवैध खनन के साथ ही ओवरलोड वाहनों का संचालन हो रहा है लेकिन परिवहन, खनन और पुलिस विभाग इस पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है।