सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के सलैया गांव के समीप बृहस्पतिवार रात अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार सदर एसडीएम का चालक कृपाशंकर पाल (45) की मौत हो गई। रास्ते से गुजर रहे एक व्यक्ति ने घटना की सूचना सौ नंबर पुलिस को दी। पुलिस ने क़पाशंकर पाल के घरवालों को सूचना दी। उधर जिला अस्पताल में पहुंचे एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने परिवार वालों से मुलाकात कर मदद करने का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी कृपाशंकर पाल राबर्ट्सगंज एसडीएम का वाहन चलाते थे। राजकीय पालीटेक्रिक कॉलेज लोढ़ी से बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 12 बजे मतगणना का कार्य पूरा कराने के बाद चालक एसडीएम यमुनाधर चौहान को उनके आवास पर छोड़ कर वाहन वहीं खड़ी कर दिया। इसके बाद वह बाइक से अपने गांव के लिए निकला।
रास्ते में सलैया गांव के समीप रात करीब एक बजे किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मारकर निकल गई। भोर करीब तीन बजे रास्ते से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल को जिला अस्पताल ले गई। यहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि मृतक को पांच पुत्री और एक पुत्र है। दूसरी पुत्री सुनीता की शादी 29 मई को तय है। उधर एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने सदर एसडीएम और तहसीलदार विकास पांडेय को मृतक के परिजनों को मिलने वाले लाभ को दिलाने का निर्देश दिया। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया। एसडीएम ने शव वाहन से शव को घर भिजवाया।
शोक सभा कर दी श्रद्धांजलि
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज तहसील के सभागार में शुक्रवार को आयोजित शोक सभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रख कर ईश्वर से मृतक चालक कृपाशंकर पाल की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद करने के लिए करीब 25 हजार का सहयोग दिया एसडीएम यमुनाधर चौहान ने कहा कि मृतक के घरवालों को सहयोग राशि भेजा जा रहा है। शोक सभा में तहसीलदार विकास पांडेय, नायब तहसीलदार कैलाश यादव, लेखपाल अवधेश तिवारी, ओम प्रकाश सिंह, रत्नेश, बिष्णु दूबे, भगवान सिंह, सत्यप्रकाश आदि मोजूद रहे।