चुर्क। कस्बे में रविवार की रात विवाहिता रेनू (30) की हुई मौत के मामले में पुलिस ने पति धर्म सोनकर समेत पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई मृतका के पिता श्याम लाल की तहरीर पर राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने की। सोमवार को जिला अस्पताल लोढ़ी में शव का पोस्टमार्टम हुआ। मायके वाले शव का दाह संस्कार करने के लिए ले गए। उधर आरोपी पति को हिरासत में लेकर पुलिस उससे मौत कैसे हुई इसका पता लगाने में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक चंदौली जिले के चकिया निवासी वादी श्याम लाल सोनकर ने अपनी बेटी रेनू की शादी चुर्क के वार्ड नंबर चार के रहने वाले धर्म सोनकर से की थी। रविवार की रात में रेनू अपने कमरे का अंदर से दरवाजा बंद कर पंखे से लटक आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता का आरोप है कि दहेज में चार पहिया वाहन न मिलने से नाराज होकर उसका दामाद अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर दिया। सोमवार को मायके वालों ने कहा कि रेनू का वह लोग दाह संस्कार करेंगे, इसलिए शव को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया गया। सिटी सीओ अभिषेक सिंह के मुताबिक मृतका के पिता की तहरीर पर पति धर्म सोनकर, ससुर मिश्री सोनकर, जेठ जितेेंद्र सोनकर, जेठानी मंजू सोनकर और सास लच्छन देवी के खिलाफ दहेज उत्पीडन समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। कहा कि दो डॉक्टर के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। कहा कि जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।