मधुपुर। दो दिन पूर्व सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र के ठोलकहिया गांव में दो बच्चों के साथ विषाक्त पदार्थ निगलने वाली विवाहिता विनिता (24) की मौत हो गई। मंगलवार को वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ा। वहीं दोनों बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उधर घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक 19 मई की रात में ठोलकहिया निवासी राजेश बिंद की पत्नी विनिता बिंद घरेलू विवाद से नाराज होकर अपने छह माह के बच्चे निहाल और तीन वर्षीय विशाल को विषैला पदार्थ पिलाने के बाद खुद भी खा ली। इसकी जानकारी होने पर रात में ही घरवाले विवाहिता और उसके दोनों बच्चों को लेकर वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान मंगलवार को विवाहिता की मौत हो गई। जबकि दोनों बच्चों का अभी भी उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि ट्रामा सेंटर में ही विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्यवाही की जा रही है। दोनों बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है। कहा कि विवाहिता ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसका पता लगाया जा रहा है। मृतका के मायके वाले जो तहरीर देंगे उसके आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई तहरीर नहीं मिली थी।