सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव में कुछ मनबढ़ों ने बंधी का पानी निकालने से रोक दिया है। सिंचाई के अभाव में किसानों का करीब 50 बीघा टमाटर की फसल सूख रही। बुधवार को किसानों ने सदर एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया। एसडीएम के निर्देश पर कोतवाल राजीव मिश्रा ने पानी रोकने वालों को पकड़ने के लिए पुलिस भेजा। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले वे भाग गए।
ग्रामीणों ने कहा कि कुछ लोग अनायास बंधी से पानी ले जाने से रोक रहे हैं। जबकि पिछले कई वर्षों से बंधी के पानी से धान समेत अन्य फसलों की सिंचाई होती रही है। विपक्षीगण बंधी से पानी निकालने पर मारपीट करने की धमकी दे रहे हैं। पूर्व में कई बार सुकृत पुलिस चौकी को पानी ले जाने से मना करने वालों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसानों के आंखों के सामने पानी के अभाव में उनकी टमाटर, मिर्च की खेती सूख रही है। लेकिन बंधी में पर्याप्त पानी होने के बावजूद किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे है। इस संबंध में एसडीएम विशाल यादव ने कहा कि पुलिस को बंधी से पानी ले जाने से रोकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया गया है। शिकायती पत्र देने में सुदामा प्रसाद, विजय बहादुर सिंह, रामवृक्ष, सुरेंद्र, श्रीनाथ आदि शामिल रहे।