रेणुकूट/सलखन। पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर गांव के समीप सोमवार की रात सड़क के किनारे खड़े तीन लोगों को ट्रक ने धक्का मार दिया। सूचना पर तीनों को हिंडाल्को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रैफर कर दिया गया।
सोमवार की रात खाड़पाथर गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने तीन युवक आए थे। तीनों वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग के किनारे खड़े होकर कुछ बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उधर से गुजर रहे एक ट्रक ने तीनों युवकों को धक्का मार कर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। वाहन के धक्के से तीनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। उधर से गुजर रहे वाहनों की सूचना पर मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को हिण्डाल्को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गंगाराम पुत्र दिनेश खरवार निवासी कुसम्हा थाना म्योरपुर को मृत घोषित कर दिया।
वही शिवशंकर पुत्र अज्ञात निवासी हथवानी व दीपक पुत्र विजय निवासी कुसम्हा को चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रैफर कर दिया। परिजन घायलों को लेकर वाराणसी चले गए ।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। सलखन: चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी पुरानी घाटी में सोमवार दोपहर करीब एक बजे घाटी उतरते समय एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट नीचे खाई में गिर गया। इससे चालक कर्मराज यादव (27) पुत्र मटरुराम यादव और खलासी सरदार यादव (20) पुत्र बाबुराम यादव निवासी सुल्तानपुर घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को किसी तरह ट्रक के बाहर निकलवाया। दोनों ट्रक में ही फंस गए थे। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।